10 किन्नर बनेंगे महामंडलेश्वर


10 किन्नर बनेंगे महामंडलेश्वर, महागुरु लक्ष्मीनारायण बिग बॉस से लोकप्रिय


उज्जैन/इंदौर. कोई मानें या ना मानें, किन्नरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता। अलग धर्म सत्ता चलेगी, हमारे अपने महामंडलेश्वर होंगे। धर्म का प्रचार अब किन्नर करेंगे। यह कहना है किन्नरों के महागुरु लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी का। उन्हें 2 मई को अपना आचार्य महामंडलेश्वर बना दिया जाएगा।
इसी के साथ 10 महामंडलेश्वर भी बनाए जाएंगे। किन्नरों ने अपने शिविर में इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। देशभर से पांच हजार से ज्यादा किन्नर शामिल होंगे। भास्कर से चर्चा करते हुए किन्नर गुरु त्रिपाठी ने कहा कि तथाकथित साधु-संत धर्म की लुटिया डुबोने में लगे हैं। धर्म को व्यवसाय बना लिया है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। अपने धर्म में गिरावट नहीं आने देंगे। सिंहस्थ में हम इसीलिए आए हैं ताकि लोगों से मिलें, उनके विचार जानें और देखें कि धर्म के लिए क्या किया जा सकता है। अब हम इस लोग नतीजे पर पहुंचे हैं कि हमें अपने महामंडलेश्वर भी बनाने होंगे।
उनके पास कई फिल्मों के ऑफर हैं
किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजयदास का दावा है कि महामंडलेश्वर की ताजपोशी के दिन 13 में से 10 अखाड़ों के संत मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि हम उज्जैन को हमारी अपना मुख्यालय बनाएंगे। किन्नरों के महागुरु लक्ष्मीनारायण बिग बॉस से लोकप्रिय हुए लक्ष्मीनारायण ने बताया कि उनके पास कई फिल्मों के ऑफर हैं।
सिर्फ 13 अखाड़े को ही मान्यता
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्रगिरि का कहना है मीडिया में सुर्खियां पाने के लिए किन्नरों का दल कुछ न कुछ करता रहता है। यह सभी जानते हैं कि सिंहस्थ में 13 अखाड़ों की परिषद ही काम करती है। इसके अलावा किसी अन्य को कोई मान्यता ही नहीं है। हम अपने धर्म का बहुत अच्छी तरह से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। धर्म की रक्षा के लिए हम साधु-संत आगे आते हैं। किन्नरों को हमारे परिषद ने कोई मान्यता नहीं दी है।

Source - Dainik Bhaskar